VARANASI NEWS :- घायल सपाइयों से मिलने कबीरचौरा अस्‍पताल पहुंचे पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, कहा- यूपी में सरकार नहीं गिरोह चलाया जा रहा है

 

VARANASI NEWS :- घायल सपाइयों से मिलने कबीरचौरा अस्‍पताल पहुंचे पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, कहा- यूपी में सरकार नहीं गिरोह चलाया जा रहा है


VARANASI|  जिलाधिकारी कार्यालय पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज में घायल सपा कार्यकर्ताओं का हालचाल लेने पार्टी के वरि‍ष्‍ठ नेता और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने मंगलवार को कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्‍पताल में कार्यरत डॉक्टरों को एडमिट कार्यकर्ताओं की जांच कराने को भी कहा।

ओमप्रकाश सिंह कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती पुलिस लाठीचार्ज में घायल समाजवादी पार्टी के नेता राहुल सिंह यादव, विद्यापीठ के छात्र नेता राहुल सोनकर और संदीप सिंह स्वर्णकार से मिलने पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती सपा कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पूर्व मंत्री ने मीडिया से रुबरु होते हुए वर्तमान सरकार के नीतियों और बेरोजगारी के मुद्दे पर कई सवाल उठाएं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार अपने भ्रष्टाचार, महंगाई, बढ़ते अपराध को दबाने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गला दबा रही है।

उन्होंने कहा कि सोमवार को जिस तरह से प्रदेश भर में सरकार के इशारे पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लाठीचार्ज किया है वह निंदनीय है। उन्होंने कहा जब लोग शांतिपूर्ण तरीके से किसी गलत नीति के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उनपर लाठीचार्ज करना निंदनीय है औऱ ऐसा ही प्रदेश के कर्ई हिस्सों में हुआ है।

पुलिस पर पथराव की बात पर उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस हमेशा फसानी की बात करती है। अगर पुलिस इंसाफ करे तो कभी कोई ऐसी वारदात नहीं होगी। उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा कार्यकर्ता का दुकान गिरा दिया जा रहा है। यह तानाशाही नहीं तो और क्या है।

पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि बनारस में चार विश्वविद्यालय और तीन डिग्री कॉलेज होने के बाद भी यहां को युवा बेरोजगार हो रहे हैं। सरकार ने एक लाख 70 हजार शिक्षा मित्रों की नौकरी ले ली। कोरोना महामारी में यातायात नियमों का हवाला देते हुए लोगों का जबरजस्ती फाइन काट दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि लोगों को समझ नहीं आ रहा के ये लोग सरकार चला रहे हैं,या गिरोह चला रहे हैं। यह अद्भुत सरकार है चाहे मोदी हो या योगी।

दरअसल सोमवार को उत्तर प्रदेश में जगह जगह पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता प्रदेश सरकार के खिलाफ महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध समेत अन्य मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थें। इस दौरान जिला मुख्यालय पर सपाइयों ने जब डीएम कार्यालय में घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बदले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया। समाजवादी पार्टी के तीन नेता घायल हो गए और 48 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्थाई जेल भेज दिया था।

No comments