VARANASI CORONA NEWS: घरों में ही पड़े रहने को मजबूर 200 कोरोना पॉजिटिव मरीज

VARANASI CORONA NEWS: घरों में ही पड़े रहने को मजबूर 200 कोरोना पॉजिटिव मरीज


VARANASI| में चेतगंज थाना क्षेत्र के हंकारटोला के 24 वर्षीय युवक ने 11 जुलाई को दीनदयाल अस्पताल में सैम्पल दिया। 14  को रिपोर्ट पाजिटिव आयी। इसके बाद युवक ने कोविड के हेल्पलाइन नंबर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन किया लेकिन कोई लेने नहीं पहुंचा। शनिवार की शाम तक युवक घर पर ही था। युवक ने मधुमेह बीमारी से पीड़ित मां के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जतायी। 

इसी तरह भोजूबीर निवासी 82 वर्षीय महिला की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई तो बेटा चौराहे के पास एक निजी अस्पताल में ले गया। सांस फूल रही थी। इलाज के दौरान निजी पैथोलॉजी में टेस्ट कराया तो शनिवार की सुबह रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कोविड-अस्पताल ले जाने की सलाह दी। बेटे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से बात की, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।

उपर दिये केस बताते हैं कि बनारस में संक्रमितों की संख्या के साथ ही मरीजों की दुश्वारियां भी बढ़ रही हैं। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद तीन से चार दिन तक लोग घर में ही रहने पर विवश हैं। अस्पताल ले जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को फोन तो किया जाता है, लेकिन कब शिफ्ट करेंगे, कोई नहीं बताता है। इस चक्कर में इंतजार करते-करते मरीज और उसके परिजन तनाव में रहते हैं। ऐसे करीब 200 मरीज हैं।

परिजनों को संक्रमण से बचाने के लिए मरीज एक कमरे में खुद को आइसोलेट कर आयुर्वेद व घरेलू दवा से इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। कोरोना मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस के लिए जिम्मेदार अधिकारी डॉ. एस. चक्रवर्ती ने बताया कि पिछले हफ्ते से मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसलिए उन्हें शिफ्ट करने में दिक्कत आ रही है।

बताया कि एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने की तैयारी चल रही है। पॉजिटिव मरीजों को फोनकर उन्हें घर में ही रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं, सीएमओ डाक्टर वीबी सिंह का कहना है कि संक्रमितों को घर से अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए रविवार से एम्बुलेंस बढ़ायी जा रही है। अस्पतालों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं। एक-दो दिन में सभी को शिफ्ट कर दिया जाएगा।

25 मरीजों ने अस्पताल जाने से किया मना 
शहर में 25 ऐसे संक्रमित हैं, जिन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम एम्बुलेंस लेकर पहुंची तो उन्होंने लौटा दिया। डॉ. एस. चक्रवर्ती ने बताया कि इनका नाम व पता क्षेत्रीय थानों को दे दिया गया है। उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल लाया जाएगा।

पॉजिटिव मरीज पांच दिन बाद ही एंटीजेन टेस्ट में निगेटिव 
बाबतपुर एयरपोर्ट पर एटीसी में तैनात कर्मचारी ने पांच दिन पहले निजी पैथोलॉजी में जांच करायी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। शनिवार की सुबह परिवार के अन्य सदस्यों की सैम्पलिंग करने पहुंची टीम ने कर्मचारी का एंटीजेन किट से टेस्ट किया। रिपोर्ट निगेटिव आयी। इसके बाद आरटीपीसीआर लैब में जांच के लिए कर्मचारी का दोबारा सैम्पल लिया गया है।

कोविड अस्पतालों का हाल 
अस्पताल            भर्ती मरीज   क्षमता 
जिला अस्पताल      79        100
ईएसआईसी          55         60
आयुर्वेद             56         70
बीएचयू              90        200
निजी होटल         20        20

 


No comments